आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 06 जनवरी-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के अन्तर्गत छात्राओं के आधार कार्ड की फीडिंग, आपरेशन कायाकल्प योजनान्तर्गत परिषदीय/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं की संतृप्तीकरण, शारदा पोर्टल पर आउट आफ स्कूल बच्चों की पहचान, चिन्हीकरण आदि की समीक्षा की गयी।
एमडीएम के अन्तर्गत छात्राओं के आधार कार्ड की फीडिंग में मिर्जापुर, सठियांव, मेंहनगर, पवई, ठेकमा, अजमतगढ़ में छात्राओं की आधार फीडिंग की समीक्षा में कम प्रगति पाये जाने पर जिलाधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारी मिर्जापुर व सठियांव को प्रतिकूल प्रविष्टी देने के लिए बीएसए को निर्देश दिये।
उन्होने समस्त एबीएसए को निर्देश दिये कि एक सप्ताह में एमडीएम के अन्तर्गत छात्रों का आधार कार्ड फीडिंग पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही कायाकल्प योजनान्तर्गत परिषदीय/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कम्पोजिट स्कूल ग्रान्ट से अवस्थापना सुविधाएं करायी जा रही हैं।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी द्वारा विकास खण्डवार परिषदीय/उच्च प्राथमिक विद्यालयों की समीक्षा की गयी। इस अवसर पर कायाकल्प से उक्त विद्यालयों में ब्लैक बोर्ड, विद्यालय की रंगाई पुताई, दिव्यांग शुलभ रैम्प एवं रेलिंग, कक्षा कक्षों में वायरिंग, हैण्डवाॅशिंग यूनिट व विद्युत संयोजन की समीक्षा की गयी।
विकास खण्ड कोयलसा में 124 परिषदीय/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में केवल 87 हैण्डवाॅशिंग यूनिट लगाया गया है एवं विकास खण्ड मिर्जापुर में 100 विद्यालयों में केवल 40 विद्यालयों में विद्युत संयोजन पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए विकास खण्ड कोयलसा, मिर्जापुर के एबीएसए को प्रतिकूल प्रविष्टी देने के लिए बीएसए को निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने समस्त एबीएसए को निर्देश दिये कि विकास खण्डवार प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण करें एवं किसी भी विद्यालय या विद्यालय परिसर में कोई स्ट्रक्चर जर्जर हो तो उसका चिन्हांकन कर उसके ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करते हुए रिपोर्ट फोटोग्राफ्स के साथ उपलब्ध करायें। उन्होने समस्त एबीएसए को यह भी निर्देश दिये कि यदि कोई स्ट्रक्चर जर्जर नही है, लेकिन लगता है कि असुरक्षित है तो उसका भी चिन्हांकन करें एवं रिपोर्ट उपलब्ध करायें।
जिलाधिकारी ने बीएसए को निर्देश दिये कि स्कूलों में स्वेटर, जूता-मोजा 100 प्रतिशत उपलब्ध करा दिया जाए, उसका रैण्डम आधार पर जाॅच करें।
इसी के साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रसोई का सुन्दरीकरण, पेयजल व्यवस्था, बालक शौचालय, कक्षा-कक्ष में फर्श का टाइलीकरण, शौचालयों का टाइलीकरण एवं शौचालयों में नल-जल आपूर्ति एवं दिव्यांग शुलभ शौचालय आदि का कार्य प्राथमिकता के आधार पर डीपीआरओ पूर्ण करायें। इसी के साथ सभी प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नाली की व्यवस्था करायें।
जिलाधिकारी ने समस्त एबीएसए को निर्देश दिये कि शारदा पोर्टल पर आउट आफ स्कूल बच्चों की पहचान/चिन्हांकन प्राथमिकता के आधार पर करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, प्राचार्य डायट अमरनाथ राय, बीएसए अम्ब्रीश कुमार, पीडी अभिमन्यु सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, डिप्टी सीएमओ डाॅ0 वाईके राय, डीपीआरओ लालजी दूबे सहित समस्त एबीएसए उपस्थित रहे।

