आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 06 जनवरी-- किसान कल्याण मिशन अभियान के अन्तर्गत कृषि मेला/गोष्ठी/प्रदर्शनी का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला व बीजेपी जिलाध्यक्ष आजमगढ़ धु्रव कुमार सिंह द्वारा कृषि भवन परिसर सिधारी आजमगढ़ (विकास खण्ड पल्हनी) मे किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनपद में धान खरीद एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में आ रही समस्या के निराकरण हेतु मेला स्थल पर कैम्प लगाकर कृषकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होने किसान क्रेडिट कार्ड के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए कृषक बन्धुओं से अपील करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के वास्तवित कृषक संख्या के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ति किये जाने हेतु निर्देशित किये। उन्होने बताया कि फसल बीमा योजना पहले सभी ऋणि कृषकों के लिये लागू थी, लेकिन अब इसे स्वैच्छिक आधार पर उगायी जाने वाली रबी के फसलों में 1.50 प्रतिशत तथा औद्यानिकी एवं नकदी फसलों पर 5 प्रतिशत प्रीमियम भुगतान कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होने आगे बताया कि नीम कोटेड यूरिया के उपयोग से फसल उत्पादन एवं उपयोग क्षमता में वृद्धि हुई है तथा यूरिया के दुरूपयोग से भी बचाव हो रहा है। उन्होने केन्द्र सरकार द्वारा संशोधित कृषि कानूनों के सम्बन्ध में बताया कि जब भी किसी तरह के नये कानूनों को लाया जाता है, तब इसके बारे में कुछ भ्रामक प्रचार-प्रसार भी होते हैं, जिसका लोगों पर दुष्प्रभाव पड़ता है, जबकि किसी भी कानून के संशोधन में विशेषज्ञों एवं प्रभावित होने वाले लोगों से काफी विचार-विमर्श के उपरान्त लागू किया जाता है।
सीडीओ ने कहा कि सन् 1962 में हरित क्रान्ति की रूप-रेखा तैयार की जा रही थी, तो कुछ लोगों द्वारा यह कहकर इसका विरोध किया जा रहा था कि धरती पूरी तरह से बंजर हो जायेगी, लेकिन इसी हरित क्रान्ति का परिणाम है कि आज सभी लोगों को सुगमतापूर्वक अनाज, फल, सब्जियाँ, चीनी, रेशम, कपास आदि उपलब्ध हो रहा है।
बीजेपी जिलाध्यक्ष आजमगढ़ धु्रव कुमार सिंह द्वारा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में उपस्थित कृषकों से उसके लाभ के सन्दर्भ में स्थलीय पुष्टि भी की गयी एवं लोगों से आग्रह किया कि यहाँ जिन अधिकारी एवं वैज्ञानिकों द्वारा जो बाते बतायी जा रही हैं, उसको आप लोग जाकर पूरे जनमानस में फैलाने का प्रयत्न करें, जिससे सरकार की मंशा सबका साथ-सबका विकास का सपना साकार हो सके।
डाॅ0 उमेश कुमार गुप्ता उप कृषि निदेशक आजमगढ द्वारा किसानो की आय दोगुनी करने के शासन के संकल्प को पूर्ण किये जाने के लक्ष्य को प्राप्त किये जाने हेतु कृषि विभाग द्वारा कृषक हित मे चलाई जा रही योजनाओं यथा पी0एम0 किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, कृषि यंत्रीकरण, प्रमाणित बीज वितरण, पी0एम0 कुसुम योजना, आत्मा योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जनपद मे कृषि निवेशो की उपलब्धता की जानकारी दी गयी।
कृषि के सम्वर्गीय विभागों द्वारा अपने स्तर पर संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमो की जानकारी प्रतिभागी कृषको को दी गयी। जैविक/प्राकृतिक खेती के क्षेत्र मे ख्यातिलब्ध प्रगतिशील कृषक महेन्द्र सिंह द्वारा कृषकों के साथ अपने अनुभव साझा किये गये।
इसी के साथ ही यंत्रीकरण/वर्मीकम्पोस्ट/पी0एम0 किसान सम्मान निधि/मुख्यमंत्री आवास योजना/मनरेगा पशु शेड के लाभार्थियो को चयन/सम्मान पत्र देकर मुख्य अतिथिगण द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से मुन्ना लाल यादव लोकगीत कलाकार द्वारा अपने गीत के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करते हुए सरकार एवं कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम मे खण्ड विकास अधिकारी पल्हनी द्वारा सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विकास विभाग की योजनाओ की जानकरी दी गयी। कार्यक्रम मे लगभग 557 कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया, जिसमे महिला कृषको की संख्या 200 से अधिक रही।
कार्यक्रम का संचालन कमला सिंह तरकश द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उप निदेशक कृषि डाॅ0 उमेश कुमार गुप्ता, खण्ड विकास अधिकारी पल्हनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



