आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा।
मौके से 9 लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में।
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के नई बस्ती गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष के दर्जनों लोग ईट बालू और कंक्रीट गिरवा रहे थे और पूर्व में ढहाई गई दीवाल का मलवा हटा रहे थे।
इस बीच दूसरे पक्ष की सूचना पर थानाध्यक्ष रौनापार नवल किशोर सिंह मौके पर पहुंच गए । ग्रामीणों से विवादित जमीन पर कोई भी काम करने से मना कर दिया। पुलिस द्वारा काम रोके जाने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पुलिस से भिड़ गए। इस बीच पुलिस और ग्रामीणों में धक्का-मुक्की होने लगी जिस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लोगों को मौके से खदेड़ दिया और 9 लोगों को हिरासत में ले लिया।
विवाद की सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सगड़ी अजय कुमार और तहसीलदार बृजेंद्र उपाध्याय ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। तहसीलदार ने थानाध्यक्ष को यथास्थिति कायम रखने का निर्देश भी दिया है। हालांकि मौके पर तहसीलदार हो क्षेत्राधिकारी ने विभाग से संबंधित निस्तारण के बारे में कुछ भी बताने से इंकार किया।
बतादें कि- रौनापार थाना क्षेत्र के नई बस्ती में दो पक्षों के बीच में काफी दिनों से जमीनी विवाद चल रहा है।
इस विवाद को लेकर लगभग एक महीने पहले भी दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए थे, और जमकर मारपीट हुई थी।
इसी मामले को लेकर थाने का घेराव भी ग्रामीणों द्वारा किया गया था। अधिकारियों की उपस्थिति में जमीन की पैमाइश कर 15 दिन के अंदर ही मामले का निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद भी ना तो मौके की पैमाइश हो पाई नहीं मामले का निस्तारण हो पाया।
बल्कि अधिकारियों द्वारा आए दिन इस विवाद के निस्तारण के मामले को टाला जाता रहा। जिसके चलते रविवार को श्याम जी पटेल पक्ष के दर्जनों लोग जमीन पर निर्माण कराने के लिए अपना सामान ईट बालू और कंक्रीट गिरा रहे थे । और पूर्व में हुए विवाद में गिरी हुई दीवाल का मलवा हटा रहे थे।
इसकी सूचना दूसरे पक्ष ने रौनापार थानाध्यक्ष को कराई कि विवादित जमीन पर श्याम जी पटेल द्वारा अवैध तरीके से निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है ।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस के साथ रौनापार पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को किसी भी तरह का निर्माण करने से रोकना चाहा, पुलिस द्वारा सख्त रवैया अपनाने पर ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए।
मामला उग्र होते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और मौके से सबको खदेड़ दिया। विवाद कर रहे 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया पुलिस थाने लाई। और वहाँ निर्माण कराने के लिए रखा ईंट बालू और अन्य को थाने लाये।
थानाध्यक्ष नवल किशोर सिंह ने बताया कि 9 लोगों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। शांति व्यवस्था के लिए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।