आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 06 मई-- जिला मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने बताया कि विगत दिवसों में जनपद आजमगढ़ के विभिन्न शासकीय कार्यालयों के कतिपय अधिकारी/कर्मचारीगण के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी थी। उम्मीद है कि सभी संक्रमित कर्मचारीगण स्वस्थ हो गये होंगे। यह देखने में आया है कि संक्रमण के उपरान्त निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार इलाज व होम आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर लेने के उपरान्त भी अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा अपने शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतते हुये शासकीय कार्यों के समयबद्ध निस्तारण में कोई रूचि नहीं ली जा रही है, न ही स्वस्थ होने के उपरान्त उनके द्वारा कार्यालय में योगदान आख्या प्रस्तुत की गयी है।
जिला मजिस्ट्रेट ने ऐसे समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को निर्देशित किया है कि जिन्होनें संक्रमण के उपरान्त निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार इलाज व होम आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर ली हो तथा स्वस्थ हो गये हों, वे समय से अपने कार्यालयों में योगदान आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित न किये जाने पर सम्बंधित विभाग के कार्यालयाध्यक्ष द्वारा ऐसे कार्मिकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जायेगा।