आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़: जिले के अजमतगढ़ ब्लाक में गोरखपुर से आई एंटी करप्शन टीम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रीराम पर 2 लाख का चेक पास करने के लिए 10 हजार रूपए की घूस मांगने का आरोप है। आरोपी को गिरफ्तार कराने के लिए सामाजिक संस्था प्रयास व पूर्व प्रधान अवधेश गौतम ने इसकी सूचना एंटी करप्शन टीम को दी।आरोपी को पकड़ने के लिए टीम लगातार लगी थी, जिसके बाद आज गिरफ्तारी हो सकी।
पूर्व प्रधान अवधेश गौतम का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय के कायाकल्प व सामुदायिक शौचालय सहित कई विकास कार्य कराए गए। काफी भुगतान हो भी गया। बचे 2 लाख भुगतान के लिए जब सेक्रेटरी से बात की गई तो उसने पैसे की मांग कर दी। जिसके बाद पूर्व प्रधान ने सामाजिक संस्था से मिलकर आरोपी को गिरफ्तार कराने का ताना-बाना बुना और आज आरोपी इस जाल में फंस भी गया। आरोपी के विरूद्ध एंटी करप्शन टीम जिले के जीयनपुर थाने में मुकदमा पंजीकृत करा रही है। सामाजिक संस्था के रंजीत सिंह ने बताया कि घूस लेते समय सरकारी गवाह के रूप में माध्यमिक शिक्षा के लिपिक शिशिर सिंह व लोकनिर्माण विभाग के लिपिक रिजवान अहमद गवाह बने।
