आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 27 जनवरी-- जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी द्वारा 73वें गणतन्त्र दिवस के सुअवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में हर्षोल्लास एवं सादगी के साथ ध्वजारोहण किया गया। इसी के साथ ही राष्ट्रगान के तत्पश्चात संविधान की शपथ दिलाई गयी।
इस अवसर पर राजकीय बालिका इण्टर कालेज आजमगढ़ की छात्राओं-सृष्टि कुमारी, महिमा बागेश्वरी, दिव्य ज्योति यादव द्वारा देशभक्ति गीत की प्रस्तुति की गयी, जो काफी मनमोहक रहा। जिलाधिकारी द्वारा सभी छात्राओं को पेन एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी द्वारा सबसे कम उम्र की दिव्य ज्योति यादव को मुख्य अतिथि बनाकर आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत उत्कृष्ठ कार्य करने पर शासन द्वारा चयनित वेदान्ता हास्पिटल के डॉ0 शिशिर जायसवाल, न्यूरो सर्जन एवं राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर, के प्रधानाचार्य के प्रतिनिधि को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कराया गया। उपस्थित सभी लोगों द्वारा मुख्य अतिथि दिव्य ज्योति यादव का ताली बजाकर उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने सरल शब्दों में मुख्य अतिथि दिव्य ज्योति यादव को गणतंत्र दिवस के महत्व को बताया। उन्होने कहा कि हमारे देश में बाहर से आकर लोग हम लोगों से अपने हिसाब से काम लेते थे, तब उन लोगों को हम सभी ने मिलकर देश से बाहर भगा दिया, तब हमारे देश का आजादी मिली। उसके बाद देश को चलाने के लिए 26 जनवरी 1950 को संविधान को लागू किया गया। इस कारण प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। जिलाधिकारी ने सभी से कहा कि बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व को जरूर बतायें। इसी के साथ ही उन्होने गौरव शब्द का अर्थ भी सरल शब्दों में बताया।
जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने गणतन्त्र दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकानाएं देते हुए कहा कि हम सभी लोगों को भारतीय संविधान के मूल भावना को आचरण में उतारने की जरूरत है। भारत विश्व में सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक देश है। हमारे देश का संविधान बहुत ही मजबूत है। हमारे देश का संविधान कई देशों के संविधान को देखकर बनाया गया है।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी से समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि हम जिस भी पद पर हैं और जो हमे जिम्मेदारी मिला है, उसे पूर्ण करे एवं इसी के साथ ही समाज के निचले पायदान के गरीब व्यक्तियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को अपने मौलिक अधिकारों का पालन करना चाहिए एवं आने वाले चुनाव में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें तथा चुनाव को सफलतापूर्वक सम्पन्न करायें।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ था और 26 जनवरी 1950 को इसके संविधान को अपनाया गया, जिसके तहत भारत देश को एक लोकतांत्रिक, संप्रभु और गणतंत्र देश घोषित किया गया। इसलिए हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने-अपने विचार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी जेपी सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह सहित कलेक्ट्रेट परिवार के समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।