आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 18 अप्रैल-- मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत दिनांक 18 अप्रैल 2022 से 23 अप्रैल 2022 के मध्य प्रत्येक विकास खण्ड में स्थित ब्लाक स्तरीय स्वास्थ्य इकाई पर एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। उक्त स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त डिपार्टमेन्ट ऑफ फूड सेफ्टी, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण एवं शहरी विकास, विकलांग कल्याण विभाग, सूचना विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग आदि द्वारा मेले में स्टाल लगाकर अपने विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दिया जाना अपेक्षित है। तद्नुसार मुख्य चिकित्साधिकारी आजमगढ़ के स्तर से विकास खण्डवार स्वास्थ्य मेला आयोजित किये जाने हेतु कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिसके अन्तर्गत दिनांक 18 अप्रैल 2022 को विकास खण्ड फूलपुर, मिर्जापुर, अजमतगढ़, हरैया, दिनांक 19 अप्रैल 2022 को विकास खण्ड तहबरपुर, अतरौलिया, मार्टीनगंज, पवई, 20 अप्रैल 2022 को विकास खण्ड रानी की सराय, लालगंज, तरवां, महराजगंज, दिनांक 21 अप्रैल को विकास खण्ड पल्हनी, जहानागंज, कोयलसा, बिलरियागंज, 22 अप्रैल को विकास खण्ड ठेकमा, मेहनगर, सठियांव एवं दिनांक 23 अप्रैल 2022 को विकास खण्ड मुहम्मदपुर, अहरौला में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है।
उन्होने बताया कि परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार आजमगढ़ को विभिन्न विकास खण्डों के लिये नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इस परिप्रेक्ष्य में उक्तानुसार आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेले के सफलतापूर्वक आयोजन कराये जाने हेतु नामित नोडल अधिकारी द्वारा अपने आवंटित विकास खण्ड से सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों से समन्वय कर अपने कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक स्वास्थ्य मेले का आयोजन सुनिश्चित कराया जायेगा तथा ऊपर वर्णित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारीगण के स्तर से अपने कार्यक्रमों से सम्बन्धित मेले में लगाये जाने वाले स्टाल आदि का भी सम्यक अनुश्रवण कर अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्चित करायी जायेगी।