आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 22 सितम्बर-- जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल ने बताया कि जनपद में विगत वर्ष शरदकालीन गन्ना बुवाई का लक्ष्य 2462 हे0 था, इसके सापेक्ष 1695 हे0 की पूर्ति हुयी थी। इस वर्ष चीनी मिल सठियाँव को 2831 हे0 का लक्ष्य शासन द्वारा दिया गया है, इसकी पूर्ति के लिये गाँवों-गाँवों में गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। चीनी मिल सठियॉव एवं गन्ना विभाग के संयुक्त तत्वाधान में गोष्ठियों के माध्यम से कृषकों को शरदकालीन गन्ना बुवाई हेतु प्रेषित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज चीनी मिल सठियाँव के गेट क्षेत्र के ग्राम सुतरही में ग्राम स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से श्री अशर्फी लाल, जिला गन्ना अधिकारी एवं श्री अशोक कुमार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सठियाँव एवं त्रिलोकी सिंह, मुख्य गन्ना अधिकारी सठियॉव ने भाग लिया।
गोष्ठी में जिला गन्ना अधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं के साथ गन्ने की नवीन प्रजाति colk 15201, colk 14201, co 15023, cos 13235 ऊसर भूमि के लिये up14234 के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया तथा गन्ने की फसल से अधिक उपज प्राप्त करने हेतु ड्रिप सिंचाई, ट्रेंचविधि से गन्ना बुवाई, पेड़ी प्रबन्धन, ट्रेसमल्चिंग एवं ट्रेंच विधि अपनाने की सलाह दी गयी, जिससे किसानों को अधिक से अधिक उपज/उत्पादन मिल सके और किसानों की आय में बढ़ोत्तरी हो सके।
मुख्य गन्ना अधिकारी चीनी मिल के द्वारा बताया गया कि किसान भाई साफ सुथरा एवं अगोला रहित गन्ने की आपूर्ति चीनी मिल को करें, जिससे कि चीनी परता आ सके और किसानों के आपूर्तित गन्ने का समयानुसार गन्ना मूल्य भुगतान किया जा सके।