आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
उपजिलाधिकारी ने लेखपाल से मांगी रिपोर्ट त्वरित कार्यवाही का निर्देश।
आजमगढ़: सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ ब्लॉक के डिघवनिया काजी दलपतपुर ग्राम सभा में बनी गौशाला की भूमि पर किए गए अतिक्रमण और कर्मचारियों को फर्जी तरीके से फसाने की धमकी के विरोध में गांव के सैकड़ो लोगों ने शनिवार को तहसील मुख्यालय पर उपजिलाधिकारी सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
उपजिलाधिकारी ने लेखपाल से रिपोर्ट तलब करते हुए ग्रामीणों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। डिघवनिया काजी दलपतपुर के प्रधान इंद्रदेव यादव के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण शनिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति और महिला काफी दबंग और जालसाजी किस्म के लोग हैं। जिन्होंने गौशाला की लगभग चार बिस्वा सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। खाली करने की बात कहने पर साजिश कर छेड़खानी एवम अन्य मामलों में फसाने की धमकी देती है। आरोपित है कि गौशाला के कर्मचारी इस धमकी से डरे सहमे है। जिससे गौशाला में रखे गए पशुओं की सेवा में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने मांग किया है कि अतिक्रमण किए गए भूमि को खाली कराया जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार ने बताया कि ग्रामीणों का ज्ञापन मिला है। लेखपाल से इस संबंध में तत्काल रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलते ही अतिक्रमण की गई जमीन को खाली कराया जाएगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान विंध्याचल, मिट्ठू, टहल, इंद्रावती, योगेंद्र, श्याम चरण, राम चरण,सीमा, अनीता, नैना देवी, श्रीमती,चंपा, कौशल्या सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।