आजमगढ़। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच थाना कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराय मंदराज निवासी मयंक पाण्डेय के साथ हुए साइबर फ्रॉड में 50,000 रुपये की ठगी की गई थी, जिसे पुलिस की तत्परता से वापस दिला दिया गया।
मामला 11 फरवरी 2024 का है जब मयंक पाण्डेय पुत्र अखिलेश कुमार पाण्डेय के साथ साइबर फ्रॉड हुआ। पीड़ित द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत संख्या 2312240157477 दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उक्त धनराशि को होल्ड करवाया और न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर विधिक प्रक्रिया के तहत राशि को बैंक के माध्यम से वापस कराया।
आज, दिनांक 16 अप्रैल 2025 को पीड़ित के खाते में पूरे 50,000 रुपये सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर दिए गए। इस कार्य में थाना कोतवाली की साइबर टीम की अहम भूमिका रही।
इस सफलता में शामिल पुलिस टीम:
- उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम
- उपनिरीक्षक विनय कुमार सहाय
- कम्प्यूटर ऑपरेटर सनत सिंह
- महिला आरक्षी उमा वर्मा
थाना कोतवाली की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। आमजन को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी संदेहास्पद लेन-देन की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।