आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़, 13 मई 2025 – कोतवाली पुलिस ने अपहरण और रंगदारी मांगने के गंभीर आरोप में वांछित अभियुक्त अरविन्द कुमार सिंह उर्फ बब्बू सिंह को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी अमन सिंह पुत्र अवनीश कुमार सिंह, निवासी मोहल्ला आराजी बाग, थाना कोतवाली, ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि तीन वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात अरविन्द कुमार सिंह से हुई, जो खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताता है। यह संपर्क रनवीर सिंह नामक व्यक्ति के माध्यम से हुआ था। अरविन्द सिंह ने जाफरपुर में जमीन दिखाकर अमन सिंह का विश्वास जीता और उनके घर आना-जाना शुरू किया।
इस दौरान अमन सिंह को तीन दिन के लिए तीन लाख रुपये की जरूरत पड़ी, जो उन्होंने अरविन्द सिंह से उधार लिए। भुगतान में देरी होने पर अरविन्द ने प्रतिदिन 10,000 रुपये की दर से ब्याज मांगना शुरू किया। मजबूरी में अमन सिंह की मां संगीता सिंह ने 18 नवम्बर 2023 को अरविन्द सिंह के खाते में 5 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
बाद में अरविन्द, रनवीर और निगम सिंह ने प्रॉपर्टी डीलिंग में निवेश के नाम पर अमन सिंह से लगभग 22 लाख रुपये विभिन्न तरीकों से ले लिए। आंशिक भुगतान के बाद 5 मई 2024 को अमन सिंह के घर एक कार्यक्रम के दौरान उनका बैग, जिसमें चेकबुक, आधार कार्ड और एटीएम थे, रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
इसके बाद आरोपियों ने अमन सिंह को अठवरिया मैदान में बुलाया, जान से मारने की धमकी देकर उनका अपहरण कर लिया और एक कमरे में बंद कर जबरदस्ती 4 लाख रुपये का चेक भरवाकर वीडियो भी बना लिया। साथ ही, किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में थाना कोतवाली में मु.अ.सं. 37/25, धारा 34, 342, 386 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी का विवरण:
13 मई 2025 को थाना कोतवाली के निरीक्षक रफी आलम व हे० कां० लक्ष्मण यादव द्वारा अभियुक्त अरविन्द कुमार सिंह (उर्फ बब्बू सिंह, उम्र 60 वर्ष), निवासी ग्राम बिजौरा, थाना कंधरापुर, को सायं 7:10 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
अरविन्द कुमार सिंह उर्फ बब्बू सिंह पुत्र स्व. बलदेव सिंह, निवासी ग्राम बिजौरा, थाना कंधरापुर, जनपद आजमगढ़।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
निरीक्षक रफी आलम
हे0 कां0 लक्ष्मण यादव
(थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़)
पुलिस ने बताया कि अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।