आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़, 12 दिसंबर। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद आजमगढ़ में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को मजबूत करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान सितंबर 2025 में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें विभिन्न खतरों से सुरक्षित रखना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन तथा पर्यवेक्षण अधिकारी आस्था जायसवाल और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में अभियान का संचालन किया गया।
अभियान के दौरान जनपद की सभी एंटी रोमियो टीमों ने पार्कों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, मॉल्स और चिन्हित हॉट-स्पॉट पर व्यक्तियों की चेकिंग की तथा छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
इसके साथ ही महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, बीसी सखी, लेखपाल, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत अधिकारी और रोजगार सेवकों के साथ समन्वय कर ग्राम, वार्ड एवं न्याय पंचायत स्तर पर चौपालें आयोजित कीं। इन चौपालों में महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्रों, महिला हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112 आदि), सरकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा साइबर क्राइम से बचाव के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास जगाया जा रहा है ताकि वे किसी भी समस्या का सामना बेखौफ होकर कर सकें। अभियान पूरे जनपद में जारी रहेगा।