आजमगढ़। तहसील सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने समाधान दिवस में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से कहा गया कि जनसामान्य की शिकायतों के समाधान के लिए समाधान दिवस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।