चंदौली।
ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली
जनपद चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र के जिगना गांव में घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर बने बंगले पर सो रहे रामदुलारे यादव उर्फ कपिलदेव(55) को अज्ञात हमलावरों ने शनिवार की रात धारदार हथियार से हमलाकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार रोज की भांति खाना खाने के बाद रामदुलारे घर से कुछ दूरी पर बने बंगले पर सोने चले गए।देर रात सोते समय अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से सिर एवं गर्दन पर कई वार किए। जिससे कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई। जब पत्नी प्यारी देवी पशुओं को चारा डालने के लिए पति के न आने पर बंगले पर पहुंची तो चारपाई पर लहूलुहान पति का शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी नीरज सिंह मयफोर्स सहित मौके पर पहुंचकर मृतक के पुत्र मुलायम से घटना के बाबत जानकारी ली और वारदात स्थल से घटना के कारणों की सघन जांच-पड़ताल की। सीओ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए, जल्द ही अज्ञात हमलावरों के गिरफ्तारी की बात कही।
थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी ने बताया कि मृतक के पुत्र मुलायम यादव की तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मामला पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई में जुटी है, जल्द ही मामले का पर्दाफाश होगा।