Breaking News

आपका बैंक आपके द्वार, घर बैठे निकाले पैसे।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: मनोज चतुर्वेदी

आजमगढ़ 01 मई-- जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया है कि जनपद में समस्त बैंकों के 685 बैंक मित्र कार्यरत हैं, जिनका पहले से ही सर्विस एरिया निर्धारित किया गया है, इनको दो-दो ग्राम आवंटित किया गया है एवं 400 सक्रिय इण्डिया पोस्ट पेमेण्ट बैंक के प्रतिनिधियों को 1-1 ग्राम आवंटित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि बैंक मित्रों के सर्विस एरिया के सटे हुए ग्रामों को भी उनके कार्य क्षेत्र में सम्मिलित कराया जा रहा है, जिससे ग्राम के लोग ग्राम में ही रहकर पैसा निकाल सकें और उनको गाॅव से बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि सचिव व इण्डिया पोस्ट पेमेण्ट बैंक के प्रतिनिधि के मोबाइल नम्बर एक दूसरे को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कि वे समन्वय बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में ठीक ढ़ंग से कार्य करें। 
जिलाधिकारी ने एलडीएम यूबीआई को निर्देश दिये कि समस्त बैंक मित्रों को कम से कम 50000 रू0 प्रतिदिन उपलब्ध कराकर ही उनको क्षेत्रों में भेजें।
जिलाधिकारी ने कहा कि माइक्रो एटीएम से एक दिन में एक व्यक्ति 1000 रू0 तक निकाल सकते हैं, इसमें उज्ज्वला योजना, जनधन खाता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, ऐसे दिहाड़ी मजदूर जिनके खाते में 1000 रू0 भेजा गया है एवं पेंशन के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होने कहा कि इसके अलावा अन्य व्यक्ति जिनको ज्यादा पैसा निकालना हो वे अपने संबंधित बैंकों में जाकर पैसा निकाल सकते हैं।
जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि जनपद में 109 ऐसे बैंक हैं, जहाॅ पर भीड़ काफी हो रही है, ऐसे बैंकों पर डायल 112 को तैनात करें, जिससे कि बैंक पर ग्रामीणों द्वारा ज्यादा भीड़ न हो एवं सोशल डिस्टेन्सिंग का अनुपालन हो।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिये कि उक्त विभिन्न बैंकों में सोशल डिस्टेन्सिंग बनाये रखने के लिए अमीन एवं चपरासी की भी ड्यूटी लगायें। 

और नया पुराने