Breaking News

सेवानिवृत्त उपाधीक्षक को दी गई भावभीनी विदाई।

जालौन।

रिपोर्ट: अरुण कुमार मिश्रा

पुलिस ट्रेनिंग विद्यालय मंगरोल में पदस्थ उपाधीक्षक उमेश कुमार त्यागी के सेवानिवृत्त होने पर सहकर्मियों एवं प्रशिक्षु आरक्षियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस विदाई समारोह का आयोजन बहुत ही सादगी एवं सामाजिक दूरी का पालन करते हुए किया गया। मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के मूल निवासी उमेश कुमार त्यागी सन 1982 में उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर सब-इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुए और प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत सन 1984 में प्रथम नियुक्ति जनपद रामपुर में बतौर सब-इंस्पेक्टर पद पर हुई। भारत सरकार की तरफ से 3 साल यूनाइटेड नेशन में बतौर पुलिस एडवाइजर के रूप में सेवाएं दी। अपनी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा कार्यो के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हुए। अपने सेवाकाल में रामपुर, बिजनौर, गाजियाबाद, नैनीताल, फिरोजाबाद,  मेरठ, मऊ आदि जनपदों में पुलिस एवं समाज की सेवा करते रहे। उन्नाव में सीओ सिटी पद पर रहने के उपरांत पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मंगरोल जालौन में उपाधीक्षक पद को सुशोभित किया। सेवानिवृत्ति से पहले उपाधीक्षक उमेश त्यागी ने बीहड़ पट्टी में स्थित जनपद जालौन के पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में विषम परिस्थितियों में अथक परिश्रम एवं प्रयास से प्रशिक्षु आरक्षियों को प्रशिक्षण देकर पुलिस विभाग एवं समाज को सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति के रूप में कुशल पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए। सेवानिवृत्ति समारोह को संबोधित करते हुए अपने अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु आरक्षियों को बताया कि मैं सेवा से निवृत्त हुआ हूं, हृदय से नहीं। आवश्यकता पड़ने पर  मेरे हृदय एवं घर के द्वार हमेशा खुले  रहेंगे।        
इस समारोह में मुख्य रूप से विद्यालय के प्रधानाचार्य पुलिस अधीक्षक राधे मोहन भारद्वाज, अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार, प्रतिसार निरीक्षक ब्रज किशोर साहू, इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा, प्रमोद दीक्षित, मेजर चुनमुन सिंह, समस्त अध्यापक गण, पी• आई• स्टाफ, कार्यालय कर्मचारी एवं प्रशिक्षण आरक्षी मौजूद रहे।

और नया पुराने