बदायूँ।
बदायूं: बदायूं के दातागंज में चारपाई पर सो रही एक बच्ची सुबह करवट बदलते वक्त नीचे आ गिरी। इस हादसे में बच्ची को अंदरखाने गुम चोट आई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।परिवार वाले रोते-बिलखते शव लेकर वापस घर लौट गए। दातागंज के मोहल्ला परा निवासी मोहम्मद रफी का परिवार सुबह जागकर अपने काम में व्यस्त हो गया। जबकि उनकी डेढ़ साल की बेटी आयत चारपाई पर सो रही थी। परिजनों के मुताबिक अचानक करवट बदलते वक्त बच्ची अचानक चारपाई से नीचे आ गिरी। गिरते ही बच्ची चीखकर रोई तो परिवार वाले उसे उठाकर चुप कराने की कोशिश करते रहे। शांत न होने पर परिजन उसे डाक्टर के पास ले गए लेकिन वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आनन-फानन में परिवार वाले मासूम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां परीक्षण के साथ ही उसका इलाज शुरू करना चाहा लेकिन तब तक मासूम ने दम तोड़ दिया। ईएमओ डॉ. गजेंद्र वर्मा ने बताया कि बच्ची की मौत हो चुकी थी। संभवत: सिर में गहरी चोट लगने के कारण ऐसा हुआ होगा। हालांकि कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।
रिपोर्ट: बी यीशुदास
