Breaking News

वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कांवर यात्रा, बकरीद, रक्षाबंधन आदि त्यौहारों के सम्बन्ध में व्यापक रूप से हुई चर्चा।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 23 जून-- अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन नरेन्द्र सिंह ने बताया है कि 20 जून 2020 को सायंकाल 7.00 बजे मा0 मुख्यमंत्री , उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयुक्त आजमगढ़ मण्डल एवं उप पुलिस महानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ के साथ वीडियो कांफ्रंेसिंग के माध्यम से कांवर यात्रा, बकरीद, रक्षाबंधन आदि त्यौहारों के सम्बन्ध में व्यापक रूप से चर्चा की गयी है। आगामी महीनों में 06 जुलाई 2020 को श्रावण माह का प्रारम्भ तथा श्रावण माह का प्रथम सोमवार, 13 जुलाई को श्रावण माह का द्वितीय सोमवार, 20 जुलाई को श्रावण माह का तृतीय सोमवार, 25 जुलाई को नागपंचमी, 27 जुलाई को श्रावण माह का चतुर्थ सोमवार, 01 अगस्त 2020 को बकरीद (ईद-उल-जुहा), 03 अगस्त को रक्षाबंधन तथा श्रावण माह का पंचम सोमवार है।
उक्त त्यौहारों के मनाये जाने के सम्बन्ध में मा0 मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिया गया कि कोविड-19 के संक्रमण के कारण इस वर्ष कांवर यात्रा स्थगित रहेगी।
सभी उप जिला मजिस्ट्रेट/पुलिस क्षेत्राधिकारी तहसील एवं थाना स्तर पर समस्त धर्म गुरूओं, क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्तियों तथा कांवर संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें यह अवगत करा दें कि इस वर्ष कांवर यात्रा स्थगित रहेगी। स्थानीय स्तर पर शिवालयों में धर्म स्थल के सम्बन्ध में पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार एक समय में एक स्थल पर 05 लोगों की उपस्थिति का कड़ाई से अनुपालन किया जाये। सभी धर्म गुरुओं, कांवर संगठनों के पदाधिकारियों व शिवालयों के पुजारियों के साथ बैठकें करके उनसे लिखित में कांवर यात्रा स्थगित किये जाने व कोविड-19 के दृष्टिगत सोशल डिस्टेसिंग का अनुपालन सुनिश्चित किये जाने के सम्बन्ध में लिखित रूप में सहमति प्राप्त कर ली जाये। श्रावण मास में कांवर यात्रा की अनुमति न दें। आवश्यक होने पर स्थानीय स्तर पर शिवालयो में सोशल डिस्टेसिंग का अनुपालन कराते हुए एक समय में 05 व्यक्तियों को ही जलाभिषेक की अनुमति दी जाये। श्रावस मास में ही पड़ने वाले जुमे की नमाज के दौरान भी कोविड-19 के दृष्टिगत मस्जिदों में 05 से अधिक लोगों को एक स्थल पर एकत्रित न होने के निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। इस सम्बन्ध में मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरूओं के साथ बैठकें करके उन्हें मा0 मुख्यमंत्री जी के स्तर से लिये गये फैसलों एवं अन्य दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जाये। श्रावस मास में ही पड़ने वाले बकरीद के त्यौहार को सार्वजनिक रूप से न मनाते हुए लोग अपने-अपने घरों में ही मनायेंगे तथा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करेंगे एवं 05 व्यक्तियों से अधिक लोग कहीं भी किसी भी दशा में एकत्रित नहीं होंगे। सभी मंदिरों में, शिवालयों में, धर्म स्थलों में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने हेतु 2-2 गज की दूरी पर गोले तैयार कर लिये जायें। इस सम्बन्ध में इनके प्रबन्धकों/पुजारियों/धर्म गुरूओं से इसका अनुपालन करा लिया जाये। प्रधान संघों के ब्लाक स्तरीय पदाधिकारियों, नगर निकाय के अध्यक्ष/सभासदों एवं अन्य संघों/संगठनों के पदाधिकारियों से वार्ता कर उन्हें यह अवगत करा दिया जाये कि कोविड-19 के कारण इस वर्ष कांवर यात्रा स्थगित रहेगी। इन पदाधिकारियों से अपने-अपने स्तर से नगरीय निकायों एवं सभी ग्राम पंचायतों में आम नागरिकों को इससे सूचित कराया जाये। रक्षाबंधन के पर्व पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाये। कहीं पर भी भीड़ एकत्रित न होने पाये तथा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कड़ाई से सुनिश्चित किया जाये। कोविड-19 के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए कांवर यात्रा, बकरीद के त्यौहार, जुमे की नमाज, रक्षा बंधन जैसे महत्वपूर्ण त्यौहारों में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित करने एवं एक साथ 05 से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित न होने के सम्बन्ध में Public Addressing System के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रचार किया जायें।

और नया पुराने