Breaking News

कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिलाधिकारी डॉ ज्ञानेश्वर त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक हुई संपन्न।

हमीरपुर 03 जुलाई 2020

कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जनपद में विशेष सर्विलांस अभियान संचालित करने के संबंध में जिलाधिकारी डॉ ज्ञानेश्वर त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि  कोरोनावायरस के संक्रमण में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए कोविड 19 नियंत्रण के लिए युद्ध स्तर पर एक विशेष सर्विलांस अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान 05 से 15 जुलाई तक निरंतर चलेगा। 11 जुलाई को नियमित टीकाकरण अभियान होने के कारण यह अभियान 11 जुलाई को संचालित नहीं होगा। यह अभियान पल्स पोलियो अभियान के तर्ज पर डोर टू डोर  संचालित किया जाएगा । जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान हेतु प्रत्येक गांव/ क्षेत्र की टीम गठित कर ली जाएं तथा पर्यवेक्षक आदि भी नियुक्त कर दिए जाएं तथा इसकी 4 जुलाई को ट्रेनिंग भी करा दी जाए।  डोर टू डोर सर्वे करने वाली  इस टीम में गर्भवती महिलाएं, 55 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति एवं गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को शामिल न किया जाय। इस टीम में स्वास्थ्य विभाग एवं डब्ल्यूएचओ के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर के द्वारा संयुक्त रुप से पल्स पोलियो अभियान की भांति माइक्रो प्लान तैयार कर सभी लोग तैनात किए जाएंगे।  डोर टू डोर अभियान में माइक्रो प्लान के अनुसार प्रत्येक सर्वेक्षण टीम में 2 सदस्य होंगे टीम द्वारा प्रातः 8:00 बजे से अपराहन 2:00 बजे तक सर्वे किया जाएगा।  ग्रामीण क्षेत्रों में टीम में आशा व आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को अनिवार्य रूप से रखा जाएगा जबकि शहरी क्षेत्रों में टीम के सदस्यों का चयन उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। सर्वेक्षण टीम को स्टीकर ,चाक एवं रिपोर्टिंग प्रारूप दिया जाएगा तथा दो-दो रियूजेबल मास्क दिया जाएगा, इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत राज विभाग द्वारा  डोर टू डोर सर्वे करने वाली टीम को इंफ्रारेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर सैनिटाइजर आदि उपलब्ध कराया जाएगा। नगरीय क्षेत्रों में नगरीय निकायों द्वारा यह सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सर्वेक्षण टीम के द्वारा प्रत्येक घर की दीवार पर सर्वे के उपरांत एस अंकित किया जाएगा।
  जिलाधिकारी ने कहा कि सभी टीमों को कोविड-19 के प्रति जागरूकता से संबंधित सामग्री यथा हैंडबिल ,पोस्टर, बैनर आदि को भी उपलब्ध करा दिया जाए तथा डोर टू डोर सर्वे के अवसर पर टीम द्वारा इसके प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। कहा कि अभियान के दौरान टीम के सदस्यों द्वारा सर्वे का काम  पूरी सतर्कता से  तथा  अपना बचाव करते हुए  किया जाए।  सारी ( सेवेयर  एक्यूट रेस्पिरेट्री इनफेक्शन ) के रोगी पाए जाने पर उस रोगी की पल्स ऑक्सीमीटर से जांच   की जाएगी तथा इसकी सूचना तत्काल पर्यवेक्षक के माध्यम से  जोनल अधिकारी को दी जाएगी, जोनल अधिकारी द्वारा  ऐसे रोगियों को डेडीकेटेड कोविड  कोरेंटिन इकाई में भर्ती कराया जाएगा। खांसी,  बुखार और सांस लेने में दिक्कत एवं सारी के रोगी की सूचना निर्धारित प्रारूप पर अंकित किया जाएगा। सस्पेक्टेड केसेस मिलने पर तत्काल सैंपलिंग की जाएगी  तथा उसके आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में रहने वाले परिवारों / व्यक्तियों की सूची अपडेट कर ली जाए तथा सभी  परिवारों के अपडेटेड फोन नंबर लेकर निगरानी समिति द्वारा प्रत्येक सप्ताह  फोन करके उनसे किसी प्रकार के लक्षण आदि के बारे में जरूरी पूछताछ की जाए।  जनपद की रैपिड  रिस्पांस टीम शीघ्र बना ली जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर क्षेत्र में नगरीय निकाय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत राज विभाग द्वारा साफ-सफाई की  व्यवस्था बेहतर की जाए अन्यथा की स्थिति में प्रतिकूल दृष्टिकोण अपनाते हुए संबंधित सफाई कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के खतरों के विषय में तथा इससे बचाव के तरीकों के विषय में जागरूकता फैलाने हेतु व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। व्यस्त चौराहों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर , भीड़भाड़ वाले स्थलों पर ग्रामीण बाजारों में माइक आदि के माध्यम से मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने हेतु अनाउंस कराया जाए तथा मास्क ना लगाने वालों पर प्रवर्तनी कार्रवाई /जुर्माना वसूला जाए । कंटेनमेंट जोन में सख्ती बरतते हुए आवागमन पूरी तरह से रोका जाए केवल आवश्यक सेवाओं हेतु आने जाने दिया जाए । कार्यालयों में कोविड-19 डेस्क को प्रत्येक दशा में क्रियाशील रखा जाए।  प्रतिदिन जनपद में न्यूनतम 250 लोगों की सैंपलिंग की जाए। लोगों को  आरोग्य सेतु एप डाउनलोड  करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए । जनपद में कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने में हर संभव प्रयास किया जाए इसमें सभी लोगों द्वारा अपने दायित्वों का ठीक ढंग से निर्वहन किया जाए।
   इस मौके पर  मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार वैश्य, प्रभागीय वनाधिकारी ,अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव , अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमके वल्लभ तथा अन्य संबंधित मौजूद रहेI 



और नया पुराने