आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 27 जुलाई-- कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जनपद में बहुत अधिक संख्या में प्रवासी श्रमिकों का आगमन हुआ है। प्रवासी श्रमिकों को प्रवासी मित्र पोर्टल व ई-प्रयास पोर्टल के माध्यम से रोजगार दिया जाना है, जिसके दृष्टिगत जिलाधिकरी द्वारा प्रवासी श्रमिकों को रोजगार दिलाये जाने के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई।
जिलाधिकारी ने सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देश दिये कि जिन-जिन विभागों द्वारा अभी तक प्रवासी मित्र पोर्टल को लाॅगिन नही किया गया है, उनकी सूची उपलब्ध करायें एवं सभी संबंधित विभागों को प्रवासी मित्र पोर्टल का यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध करा दें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रवासी मित्र पोर्टल को लाॅगिन करते हुए प्रवासी श्रमिकों को रोजगार से जोड़ें और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट को जिला सेवायोजन अधिकारी को उपलब्ध करायें।
सहायक रोजगार सहायता अधिकारी तनुजा यादव ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों को रोजगाद देने के लिए सेवायोजन विभाग ने पोर्टल Sewayojan.up.nic.in पर विकसित नई एप्लीकेशन सेवामित्र प्लेटफार्म पर अपंजीकृत श्रमिकों का पंजीकरण कराने के साथ ही पंजीकृत श्रमिकों का डाटा डाउनलोड कर उनको विभाग में संचालित योजनाओं में रोजगार उपलब्ध कराने एवं रोजगार प्राप्त करने वाले श्रमिकों का अंकन सेवामित्र प्लेटफार्म पर कराने की व्यवस्था की गयी है।
कौशल विकास के एमआईएस मैनेजर ने बताया कि अब तक उन्होने 729 पंजीयन सेवामित्र पोर्टल पर कराया है। प्राचार्य राजकीय आईटीआई द्वारा लगभग 333 लोगों का पंजीयन कराया गया है। परियोजना अधिकारी डूडा द्वारा सेवामित्र पोर्टल पर लगभग 700 लोगों का पंजीयन कराया गया है।
इसी प्रकार जिलाधिकारी द्वारा प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु बनाये गये ई-प्रयास पोर्टल की भी समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी द्वारा पाया गया कि समाज कल्याण विभाग, उद्योग विभाग, खादी ग्रामोद्योग, श्रम विभागों में अभी तक प्रवासी श्रमिकों को ई-प्रयास पोर्टल के माध्यम से रोजगार उपलब्ध नही कराया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी संबंधित विभाग ई-प्रयास पोर्टल पर जोड़ते हुए प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि मीटिंग के दौरान जो भी अधिकारी ठीक से मास्क नही लगाये रहेंगे, तो उन पर 500 रू0 का जुर्माना किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद, प्रभारी बीएसए, जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ0 वीके शर्मा, डीएलसी रोशन लाल, पीडी अभिमन्यु सिंह, पीओ डूडा अरविन्द कुमार पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, डीपीआरओ लालजी दूबे, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, सहायक रोजगार सहायता अधिकारी तनुजा यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
