आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 18 अगस्त-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार मे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूह का गठन, स्वयं सहायता समूहों का बैंक खाता खोलना, स्वयं सहायता समूह का स्टार्ट-अप, ग्राम संगठन का स्टार्ट-अप, रिवाल्विंग फण्ड, सीसीएल आदि की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि यूनियन बैंक के विभिन्न शाखाओं में स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाता खोलने से संबंधित 259 पत्रावली लम्बित है, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एलडीएम यूबीआई को निर्देशित करते हुए कहा कि यूनियन बैंक के विभिन्न शाखाओं के प्रबंधकों को निर्देश दें कि स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाता खोलने से संबंधित जो भी पत्रावली लम्बित है उसे दो दिन के अन्दर अभियान चलाकर निस्तारित करते हुए स्वयं सहायता समूहों का बैंक खाता खोलना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों का खाता खोलने के लिए पैन कार्ड और आधार कार्ड की आवश्यता होती है, इसके साथ-साथ स्वयं सहायता समूह के तीन व्यक्ति की उपस्थिति में स्वयं सहायता समूहों का खाता खोला जाता है। उन्होने समस्त बीएमएम (ब्लाक मिशन मैनेजर) को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के जितने भी बैंक खाते खोलने हेतु पत्रावली लम्बित हैं, उससे संबंधित बैंकों में जाकर दो दिन के अन्दर स्वयं सहायता समूहों का बैंक खाता खोलना सुनिश्चित करें और उसकी रिपोर्ट शुक्रवार तक उपलब्ध करायें, यदि जो बैंक स्वयं सहायता समूहों का बैंक खाता नही खोलता है तो उसका कारण सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को निर्देश दिये कि जिन-जिन बीएमएम का आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूर्ण नही है, उनको नोटिस जारी करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा में स्वयं सहायता समूहों का विकास खण्डवार 230 सीसीएल आनलाइन आवेदन पत्र लम्बित पाये गये। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए डीसी एनआरएलएम को निर्देशित करते हुए कहा कि संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द लम्बित सीसीएल पत्रावलियों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
स्वयं सहायता समूह गठन की समीक्षा में अजमतगढ़, हरैया, कोयलसा, लालगंज, मिर्जापुर की प्रगति खराब पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्त बीएमएम को निर्देश दिये कि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष स्वयं सहायता समूह का गठन जल्द से जल्द पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध करायें।
जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को निर्देश दिये कि जिन-जिन बीएमएम के समूह के गठन की प्रगति 10 से कम है, उन बीएमएम का वेतन रोकने की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही समूह स्टार्ट-अप, ग्राम संगठन स्टार्ट-अप व रिवाल्विंग फण्ड की समीक्षा में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए डीसी एनआरएलएम को निर्देश दिये कि समूह स्टार्ट-अप, ग्राम संगठन स्टार्ट-अप व रिवाल्विंग फण्ड के पेंडेंसी को जल्द से जल्द समाप्त करायें। इसी के साथ ही समस्त बीएमएम के कार्य प्रगति की भी समीक्षा करें और जिन बीएमएम के कार्याें में सुधार नही होता है, उन बीएमएम के विरूद्ध कार्यवाही करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, एलडीएम यूबीआई शंकर चन्द्र सामन्त सहित समस्त बीएमएम एवं संबंधित डीएमएम उपस्थित रहे।