आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 23 दिसम्बर-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उ0प्र0 कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर सेवायोजन पोर्टल की समीक्षा की गयी, जिसमें रोजगार उपलब्ध कराये गये व्यक्तियों की डाटा फीडिंग कम पायी गयी। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन-जिन विभागों द्वारा श्रमिकों, कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, उनका डाटा फीडिंग एक सप्ताह के अन्दर प्राथमिकता के आधार पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही सहायक रोजगार सहायता अधिकारी ने बताया कि समस्त कार्यालयों में रोजगार हेल्प डेस्क स्थापित किया जाना है, उससे संबंधित नोडल अधिकारी नामित किया जाना है। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि रोजगार हेल्प डेस्क की स्थापना करते हुए नोडल अधिकारियों को नामित करना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने सहायक रोजगार सहायता अधिकारी को निर्देश दिये कि मुख्य विकास अधिकारी से समन्वय बनाकर संबंधित विभागों द्वारा रोजगार दिये गये व्यक्तियों/श्रमिकों का डाटा सेवायोजन पोर्टल पर फीड कराना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि विद्युत विभाग के साथ अभिसरण के माध्यम से विद्युत बिल का भुगतान समूहों द्वारा किया जा रहा है। अब तक जनपद के 13 विकास खण्डों में 82 बिजली बिल सखी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। माह अक्टूबर 2020 में योजना का आरम्भ हुआ, जिसमें 08 बिजली बिल सखियों द्वारा कुल 13 बिल काटे गये तथा माह नवम्बर में 38 बिजली बिल सखियों द्वारा कुल 399 बिल काटे गये तथा अब तक 82 बिजली बिल सखियों द्वारा कुल 1031 बिलों का भुगतान स्वयं सहायता समूहों के उक्त बिजली सखियों द्वारा किया गया है, जिसमें विद्युत विभाग को सीएलएफ के वैलेअ से 15 लाख का भुगतान किया गया तथा अब तक कुल 08 लाख 32 हजार रू0 का कलेक्शन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया गया है। अब तक बिजली बिल एजेण्टों द्वारा कुल 10950 रू0 का कमिशन माह नवम्बर 2020 तक प्राप्त किया गया है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह, डीपीआरओ लालजी दूबे, सहायक रोजगार सहायता अधिकारी तनुजा यादव उपस्थित रहे।
