आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़:05 दिसंबर 2020-- रौनापार थाना क्षेत्र के काखभार बाजार में शनिवार को टेंट हाउस के गोदाम मे गद्दे में लिपटा 9 साल के बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, और जांच पड़ताल में जुट गई।
किशोर की शिनाख्त आमिर खान पुत्र मोहम्मद रफीक के रूप में की गई। मृतक गोरखपुर के बड़हलगंज का निवासी था और इसके पिता विगत 10 वर्षों से काखभार में किसान सहायक सरकारी आवास में रहकर दर्जी का काम करते है। उसकी पत्नी सबीना की 7 वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई है, उसके पास एक लड़का आमिर 9 वर्ष और लड़की शबनम 12 वर्ष थे। आमिर छोला फूल की दुकान पर काम करता था और कभी कभार टेंट हाउस वाले के यहां भी लगन में काम करता था।
काख़भार बाजार में हरिवंश भारती की सचिन टेंट हाउस के नाम से दुकान और गोदाम है। शनिवार को दिन में 12:00 बजे के करीब टेंट हाउस का मालिक हरिवंश भारती अपनी गोदाम खोला। गोदाम खोलकर रजाई गद्दा निकलवाने लगा। गद्दे के ढेर में एक तरफ में आमिर मृत पड़ा था, और उसके मुंह से झाग आ रहा था यह देख सन्न रह गया। शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर महुला चौकी इंचार्ज मदन गुप्ता पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पहुंचे सीओ सगड़ी अजय कुमार यादव ने बताया की मौत का कारण पता नहीं चल पाया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पायेगा।

