आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
कुल 88 मामले आये, जिसमे से 04 मामलों का मौके पर निस्तारण।
आजमगढ़ 07 अगस्त-- कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत कोविड-19 के गाईडलाइन का अनुपालन एवं सोशल डिस्टेन्सिंग का अनुपालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में तहसील मार्टिनगंज के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी, जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कुल 88 मामले आये, जिसमे से 04 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 84 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। प्राप्त मामलों में राजस्व के 80, पुलिस के 05, अन्य के 03 मामले शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन-जिन विभागों से संबंधित आवेदन पत्र हैं, उसे जल्द से जल्द शत प्रतिशत निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नही जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भिक स्तर पर ही जन समस्या का वास्तविक निस्तारण कर दें।
इस अवसर पर एसडीएम मार्टीनगंज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

