आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 10 अगस्त-- जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया है कि स्वतन्त्रता दिवस समारोह मनाये जाने के सम्बन्ध में निर्देश दिये गये है। उन्होने बताया कि हमारे देश गौरवशाली इतिहास, स्वतन्त्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने वाला 76वाँ स्वाधीनता समारोह परम्परागत रूप से सादगी एवं आकर्षक ढंग से मनाया जाएगा। स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगाठ के अवसर पर पूरे वर्ष भर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम पूरे देश में गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर दिनांक 11 अगस्त 2022 से 17 अगस्त 2022 तक स्वतन्त्रता सप्ताह एवं दिनांक 13 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2022 तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना तथा स्वतन्त्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव जगाना है, इस कार्यक्रम का आयोजन पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार गरिमामय ढंग से से आयोजित किया जाएगा।
उन्होने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 08ः00 बजे सरकारी तथा गैर सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा झण्डा अभियान के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। राष्ट्रीय ध्वज में पुष्पों की पंखुड़ियां बांध कर उसे फहराया जा सकता है। उन्होने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर इस महत्वपूर्ण आयोजन हेतु 15 अगस्त को समस्त सरकारी/गैर संस्थान, वाणिज्यिक/औद्योगिक प्रतिष्ठान आदि खुले रहेंगे तथा इन स्थलों पर खादी निर्मित राष्ट्रध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए। उक्त सभी स्थलों पर इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, उल्लास एवं उमंग के साथ समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रगान के साथ ही देशभक्ति से सम्बन्धित विभिन्न कार्यक्रम सम्मिलित है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीयता एवं देश प्रेम की भावना का संचार किया जाए। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखण्डता पंथ-निरपेक्षता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को बलवती बनाने पर जोर दिया जाए तथा स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने के लोगों की परम्परागत एकता प्रदर्शित करने के लिए मानव श्रृंखला बनाने पर भी विचार साथ-साथ किया जाए। सभी विद्यालयों, मुहल्लों में प्रभात फेरियां निकाली जाए, जिसमें झण्डा गीत एवं अन्य राष्ट्रभक्ति के गीतों का गायन किया जाए। उन्होने कहा कि समस्त शिक्षण संस्थाओं में इस अवसर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिसमें राष्ट्रगान जन-गण-मन का सामूहिक गायन भी सम्मिलित हो। विद्यार्थियों को स्वतन्त्रता संग्राम का इतिहास बताया जाए तथा देश के लिए शहीद हुए ज्ञात-अज्ञात विशेषकर स्थानीय देशभक्तों के जीवन के प्रेरक-प्रसंग दोहराये जाए, जिससे उनमें राष्ट्रीय चेतना जागृत हो। इसके अतिरिक्त देशप्रेम की भावना जागृत करने वाले नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, निबन्ध-लेखन हेतु शिक्षा विभाग द्वारा पृथक के आवश्यक निर्देश जारी किये जायेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक कृषि विभाग केन्द्र पर न्यूनतम 75 किसानों को पौध व तिरंगे भेंट किये जायें। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण के साथ-साथ वृक्षारोपण, प्रकाश व्यवस्था, स्वाधीनता संग्राम के महत्व पर संगोष्ठी तथा देशभक्ति के विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित की किये जाय। ग्राम सचिवालयों एवं अमृत सरोवरों पर भी कार्यक्रम आयोजित किये जाय। अपरान्ह में परम्परागत रूप से किसी सार्वजनिक स्थान पर जनसभा का आयोजन किया जाय, जिसमें स्वाधीनता की वर्षगांठ पर जन-साधारण को यह भी याद दिलाया जाये कि हमारे अनगिनत देशभक्तों तथा अमर बलिदानियों के जीवन भर संघर्ष करके अपना सब कुछ न्यौछावर कर जो राजनीतिक स्वाधीनता हासिल की थी, उसकी रक्षा करते हुए आर्थिक व सामाजिक स्वाधीनता लाने का दायित्व विशेष तौर पर नई पीढ़ी पर है, इस अवसर पर जन-साधारण को बताया जाये कि सभी समुदायों के महापुरुषों ने एकता, आपसी सद्भाव, भाई-चारे व इंसानियत पर बल दिया है। इस राष्ट्रीय पावन पर्व पर उन महानुभावों का भी आदरपूर्वक स्मरण किया जाय, ताकि समाज में इन्सान और इन्सानियत का महत्व बढ़ें। स्वतन्त्रता सप्ताह की अवधि में गांव व नगर में स्वच्छता अभियान चलाया जाय और पार्कों को सजाया जाय। राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में आमजन को बताया जाय। वरिष्ठ साहित्यकारों/लेखकों/गीतकारों को आजादी की लड़ाई, तिरंगा की यात्रा के बारे में लेख लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त, 2022 को ब्लाक, तहसील तथा जनपद स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया जाय। श्रेयस्कर होगा कि इन समारोहों का आयोजन उन्ही स्थानों पर किया जाए, जहाँ सन् 1947 में स्वाधीनता मिलने पर जन समुदाय ने आहृदित एवं रोमांचित होकर यह यह उत्सव मनाया था। देश अतएव दिनांक स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह स्वतन्त्रता दिवस अत्यन्त ही महत्वपूर्ण है। दिनांक 11 अगस्त से 17 अगस्त 2022 तक स्वतन्त्रता सप्ताह अवधि में समस्त सरकारी कार्यालयों-भवनों एवं स्वतन्त्रता संग्राम से जुड़े एतिहासिक स्मारकों पर तिरंगा लाइटिंग करायी जाय। स्वतन्त्रता सप्ताह दिनांक 11 अगस्त 2022 से 17 अगस्त 2022 की अवधि में प्रभात फेरियां निकाली जाय। स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर 14 अगस्त 2022 एवं 15 अगस्त 2022 की रात्रि में सरकारी कार्यालय-भवनों तथा अन्य इमारतों एवं स्वतन्त्रता संग्राम से जुड़े एतिहासिक स्मारको को रोशन किया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम में अपने-अपने घरों पर फहराये तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया एवं संस्कृति विभाग, उ0प्र0 के सेल्फी पोर्टल http://harghartirangaup.org की वेब साइट पर पोस्ट हेतु आम नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाय। विकास संबंधी शासन की प्राथमिकताओं से जन-मानस को अवगत कराते हुए उन्हें अपेक्षित योगदान के लिए प्रेरित किया जाय। साथ ही बेहतर वातावरण पैदा करके स्वच्छ प्रशासन देने के प्रयासों से आम जनता को अवगत कराया जाय। प्रदेश सरकार ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास“ की अवधारणा को अंगीकृत करते हुए उत्तर प्रदेश को स्वस्थ, समर्थ, समावेशी तथा राष्ट्रवादी प्रदेश बनाने के लिए कृत संकल्प है। राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों विशेष रूप से किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों, वंचितों, शोषितों एवं उपेक्षित वर्ग का समावेश करते हुए प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए “साफ नीयत सही विकास“ के संकल्प को साकार कर रही है। यह भावना सभी आयोजनों में स्वतः परिलक्षित हो।
राज्य सरकार के एतिहासिक निर्णयों एवं विकासपरक तथा जन कल्याण के लिए उठाये गये कदमों से स्पष्ट है कि वर्तमान सरकार प्रदेश के आमजन के विकास, उसकी सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रश्न पर कितनी संवेदनशील है। वर्तमान सरकार सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास के संकल्प के साथ सभी के हित से जुड़े निर्णय ले रही है। जिससे विकास के नये रास्ते खुलेंगे और प्रदेश तीव्र गति से आगे बढ़ेगा। इसी क्रम में प्रदेश सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के हित तथा राज्य के समग्र विकास के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों के सम्बन्ध में जनसभाओं में जनमानस को अवगत कराया जाय। यह देश सभी धर्मो और सम्प्रदायों में पारस्परिक विश्वास, सद्भावना एवं एकता से ही प्रगति कर सकता है। वर्तमान सरकार सुशासन सुरक्षा एवं विकास के रास्ते पर चलते हुए कानून व्यवस्था एवं भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रही है। प्रदेश में शान्ति एवं सद्धाव का वातारण सृजित करने के लिए इस अवसर पर जनमानस की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाय और लोगों को प्रेरित तथा जागरूक भी किया जाय।
जिलाधिकारी समस्त कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा दिये गये निर्देश के अनुसार स्वतन्त्रता दिवस समारोह 2022 मनाये जाने सम्बन्धित कार्यवाही करते हुए फोटोग्राफ जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आजमगढ़ के इमेल आई/वाट्सअप ग्रुप पर प्रेषित करना सुनिश्चित करें।