Breaking News

मुख्यमंत्री ने किया एएनएम प्रशिक्षण केंद्र का आनलाइन उदघाटन।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

छात्राओं का एएनम प्रशिक्षण बुधवार से शुरू 

• 48 छात्राओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

• प्रशिक्षण केंद्र में 50 फीसदी छात्राओं के प्रशिक्षण के साथ रहने खाने की सुविधा है निःशुल्क 

आजमगढ़, 10 अगस्त 2022 : जनपद आजमगढ़ में मंडलीय जिला चिकित्सालय स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र का मुख्यमंत्री ने बुधवार को आनलाइन उदघाटन किया। इस अवसर *सरकार के प्रतिनिधि एमएलसी यशवंत सिंह* भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की  मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी के साथ विभिन्न जिलों की 48  छात्राओं का रजिस्ट्रेशन किया है। यहां दो वर्षीय प्रशिक्षण प्राप्त कर छात्राएं स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे पाएंगी। 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी ने बताया कि शासन की गाइड लाइन के अनुसार एक प्रधानाचार्य, चार प्रशिक्षण कर्मियों, दो सफाई कर्मियों तथा एक चौकीदार की  नियुक्ति कर दी गई है।  48 छात्राओं का आनलाइन रजिस्ट्रेशन हो गया है। प्रशिक्षण केंद्र की  क्षमता 50 छात्राओं की है। 50 फीसदी छात्राओं को यहां रहने खाने और प्रशिक्षण की मुफ्त व्यवस्था है। इस प्रशिक्षण से चिकित्सालय में स्टाफ की समुचित व्यवस्था आसान हो जायेगी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ संजय कुमार ने बताया कि मंडलीय जिला अस्पताल में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र का जीर्णोद्धार पूरा हो गया है। इसके लिए दो फ्लोर तैयार किए गए हैं। प्रथम तल पर सभी के रहने-खाने और ग्राउंड फ्लोर पर ट्रेनिंग दी जाएगी। यहां से प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं व बच्चों की देखभाल के साथ टीकाकरण, जांच, संस्थागत प्रसव व अन्य सहायता के लिए एएनएम (आक्जिलरी नर्स मिडवाइफ) की नियुक्ति की जायेगी।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमा शरण पाण्डेय ने बताया कि एएनएम प्रशिक्षण में सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बनी आशा कार्यकर्ताओं को वरीयता दे रही है। इसके लिए पांच वर्ष का अनुभव व इंटरमीडिएट (बायो) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सरकार का मानना है कि आशा कार्यकर्ता पहले से ही ट्रेंड हैं, वे बतौर एएनएम और बेहतर कार्य कर सकती हैं।
एएनएम प्रत्येक बुधवार व शनिवार को केन्दों पर पहुंचकर गर्भवती व शिशुओं का टीकाकरण तो करती ही हैं। साथ ही स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर गर्भवती व बच्चों की जांच भी करती हैं। डोर-टू-डोर अभियान के साथ सार्वजनिक स्थलों पर शिविर भी लगाती हैं। 
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एके चौधरी, डीटीओ डॉ परवेज़ अख्तर, प्रशिक्षण केंद्र के सभी स्टाफ, छात्राओं तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों सहित कुल 58 लोग  उपस्थित रहे।

और नया पुराने