आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
अभियान: मुंह के कैंसर संबंधी स्क्रीनिंग और उपचार के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने का लिया गया है निर्णय।
स्क्रीनिंग से लेकर संदर्भित करवाने में आशा कार्यकर्ता की है।
महत्वपूर्ण भूमिका, प्रशिक्षण कार्यक्रम भी होंगे।
आजमगढ़, 13 अगस्त 2022: मुख और दंत स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं अब लोगों को घर के करीब ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से मिलने लगेंगी | इसी के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन-उत्तर प्रदेश ने मुंह और दांत के स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को उपलब्ध कराने, मुंह के कैंसर संबंधी स्क्रीनिंग एवं उपचार के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आई.एन.तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से चिह्नित मुंह और दांत के रोगियों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दन्त रोग विशेषज्ञ की सुविधा वाली उच्चतर चिकित्सकीय इकाइयों में उपचार के लिए संदर्भित किया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के तहत गृह भ्रमण, सामुदायिक बैठकों व अन्य सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से आशा कार्यकर्ता लोगों को मुंह और दांत के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगी। 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को मुंह के कैंसर के प्रति सीबैक फ़ार्म भरवाकर कम्युनिटी हेल्थ आफिसर (सीएचओ) को संदर्भित करेंगी। दांतों की सड़न, मसूड़ों के रोग, दांतों की आपातकालीन परिस्थितियां, मुंह में अल्सर/असामान्य वृद्धि, दंत फ्लोरोसिस, कटे होंठ/तालू और दांतों की अनियमित स्थिति सहित सात सामान्य समस्याओं का पता लगाकर सीएचओ के माध्यम से मुंह और दांत की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना होगा।
ऐसे मामलों में गर्भवती, माताओं, बच्चों, बुजुर्गों और वंचितों पर विशेष ध्यान देना होगा। मुंह के सामान्य रोगों की रोकथाम के लिए आहार तथा तम्बाकू निषेध के बारे में सलाह देनी है। शिक्षकों, प्रतिष्ठित लोगों तथा अन्य स्वयं सहायता समूहों के समन्वय से मुंह और दांत की देखभाल का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना है।
उपकेंद्रों पर मिलेंगी सुविधाएं-
जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (विपिन पाठक )ने बताया कि घरों के भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के भरे गए सीबैक फ़ार्म के अनुसार स्क्रीनिंग करेंगी। वाह्य रोगियों को दांत और मुंह के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए पम्पलेट बंटवाना, मुंह और दांत के स्वास्थ्य के प्रति शिक्षित करना, मुंह की सफाई के लिए अच्छी आदतों के लिए प्रेरित करने, लोगों में फैली भ्रांतियों का समाधान करने, मुंह के संभावित घातक घावों की जांच, उचित संदर्भन और उनका फालोअप करेंगी। मुंह की स्क्रीनिंग को रूटीन एक्जामिनेशन का हिस्सा बनाएंगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सुविधाएं-
पीएचसी पर दांत के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियों का प्रचार-प्रसार होगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्कूली शिक्षकों, स्वयं सेवकों तथा अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए मुंह और दांत के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।