आजमगढ़, 17 दिसंबर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति विशेष अभियान के तहत जनपद आजमगढ़ में बुधवार को व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 सितंबर 2025 को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन तथा पर्यवेक्षण अधिकारी श्रीमती आस्था जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सदर की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद की सभी एंटी रोमियो टीमों ने पार्कों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, मॉल्स और चिन्हित हॉटस्पॉट पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
वहीं महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकत्री, बीसी सखी, लेखपाल, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत अधिकारी और रोजगार सेवकों के साथ समन्वय कर गांव, वार्ड और न्याय पंचायत स्तर पर चौपाल लगाई। चौपालों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112, विभिन्न सरकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे बिना भय के समाज में आगे बढ़ सकें।