गम्भीरपुर पुलिस ने लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप में की कार्रवाई
आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर गम्भीरपुर क्षेत्र से की गई।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम गम्भीरपुर निवासी सुनील सोनकर ने 28 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि 27 सितंबर को करीब चार बजे ठेला लगाने की बात को लेकर भोनू सोनकर, दीपक सोनकर और लालू सोनकर ने एकराय होकर गाली-गलौज की तथा उसके भाई कन्हैया सोनकर के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
तहरीर के आधार पर थाना गम्भीरपुर में मु0अ0सं0 234/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3) व 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष गम्भीरपुर अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह और पुलिस टीम ने 29 सितंबर को करीब 13:30 बजे मुखबिर की सूचना पर भोनू सोनकर (25) निवासी गम्भीरपुर तथा लालू उर्फ विपिन सोनकर (19) निवासी भीरा, थाना घोसी, जनपद मऊ को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना गम्भीरपुर में दर्ज मुकदमे के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह के अलावा कांस्टेबल धीरज सिंह, सोनू यादव, अभिनव त्रिपाठी, अंकित और नोमान अख्तर शामिल रहे।
नोट: पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होना शेष है।