आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहिंगड़ा गांव में जल निगम की पानी टंकी से सोलर पैनल और तार चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के नाम विवेचना के दौरान सामने आए थे। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को सहिंगड़ा निवासी संजय यादव ने रानी की सराय थाने में तहरीर देकर बताया कि सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात लोगों ने जल निगम की पानी टंकी की बाउंड्रीवाल फांदकर सोलर पैनल और तार काटकर चोरी कर लिए। आरोपियों के ई-रिक्शा संख्या UP50ET 9272 से मौके से फरार होने की बात भी तहरीर में कही गई।
तहरीर के आधार पर रानी की सराय थाने में मु0अ0सं0 266/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान अजय जायसवाल और गुलाम हसन के नाम सामने आए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रईस अहमद पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित दोनों आरोपी सेमरहा अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30 सितंबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय जायसवाल पुत्र स्व. आदित्य प्रसाद, निवासी बाजबहादुर मोहल्ला, खेड़िया मस्जिद के पास, थाना कोतवाली, आजमगढ़ और गुलाम हसन पुत्र सहरुद्दीन, निवासी जाफरपुर, थाना सिधारी, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया है। अजय जायसवाल के खिलाफ कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है, जबकि गुलाम हसन के खिलाफ सिधारी थाने में मारपीट और धमकी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रईस अहमद, कांस्टेबल सुनील वर्मा और कांस्टेबल अमन कुमार गुप्ता, थाना रानी की सराय शामिल रहे।