Breaking News

नई किरण में पहल: तीन पारिवारिक विवादों में समझौता, एक प्रकरण बंद


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। परिवारों के बीच उत्पन्न विवादों को आपसी बातचीत और मध्यस्थता के जरिए सुलझाने के लिए चलाए जा रहे परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण की बैठक में बुधवार को तीन पारिवारिक प्रकरणों में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में 30 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कुल सात पत्रावलियों में दोनों पक्षों को फोन और नोटिस के माध्यम से सूचना देकर मध्यस्थता के लिए बुलाया गया था। इनमें छह प्रकरणों में दोनों पक्ष उपस्थित हुए। परिवार परामर्श प्रकोष्ठ की टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनकर संवाद और आपसी समझ के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। इसके परिणामस्वरूप तीन प्रकरणों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया, जबकि एक प्रकरण अन्य कारणों से बंद किया गया।

पुलिस के अनुसार, समझौता किए गए तीन मामलों में दो मामले दहेज को लेकर पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा कथित शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से संबंधित थे। वहीं, एक मामले में पति के दूसरी महिला के संपर्क में रहने के कारण पत्नी से बातचीत नहीं करने तथा भरण-पोषण का खर्च नहीं देने का विवाद सामने आया था। परिवार परामर्श प्रकोष्ठ की टीम के प्रयासों के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया।

समझौता करने वाले प्रकरणों में सुधा यादव पुत्री रामप्रसाद यादव, निवासी शेखपुर थाना जीयनपुर; हुस्ना बानो पत्नी अशरफ रजा, निवासी पुरा गुलाम थाना मुबारकपुर तथा कंचन पुत्री हरीराम, निवासी देवरिया थाना कप्तानगंज शामिल हैं।

नई किरण प्रोजेक्ट के तहत पारिवारिक विवादों को संवाद, समझ-बूझ और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाता है। पुलिस के अनुसार, इसका उद्देश्य पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराने के साथ न्यायालयों में लंबित पारिवारिक मामलों का बोझ कम करने में सहयोग करना है।

बैठक में उपनिरीक्षक महेन्द्र प्रसाद तिवारी, उपनिरीक्षक सत्यनारायण यादव, आरक्षी जितेन्द्र कुमार साह, आरक्षी सुनील कुमार गुप्ता और महिला आरक्षी नेहा सिंह मौजूद रहीं।

और नया पुराने