Breaking News

धान की नर्सरी में मिली आशा बहू की लाश, दुष्कर्म व हत्या की आशंका

आज़मगढ़

देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव की घटना

लालगंज (आजमगढ़) : देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह गांव के दलित बस्ती की रहने वाली 35 वर्षीय महिला व स्वास्थ्य विभाग में आशा बहू के पद पर कार्यरत कलावती देवी का शव शनिवार की देर शाम पानी से भरे धान की नर्सरी में पड़ा मिला।

 शव मिलने की जानकारी पाकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीण सूचना के तीन घंटे बाद  पुलिस के पहुंचने पर विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीण मौके पर पुलिस उच्चाधिकारियों को बुलाने की जिद पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों ने महिला के साथ दुष्कर्म व उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देवगांव क्षेत्र के बैरीडीह ग्राम निवासी रामसुफेर राम के तीन पुत्रों में मझला प्रमोद राम जीविकोपार्जन के लिए खाड़ी देश में रहता है।  उसकी 35 वर्षीय पत्नी कलावती देवी अपने तीन पुत्रियों व दो पुत्रों के साथ ससुराल में रहती थी। कलावती स्वास्थ्य विभाग में आशा बहू के पद पर कार्यरत थी। शनिवार को दिन में करीब 12.00 बजे वह कटौली मोड़ के पास बटाई पर लिए गए खेत में डाली गई धान की नर्सरी उखाड़ने गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश करते हुए खेत तक गए। पानी से भरे खेत में धान की नर्सरी के बीच कलावती मृत हालत में औंधे मुंह पड़ी थी। घटना की सूचना पाकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ ही दूरी पर मृतका कलावती का मोबाइल व उसके कुछ वस्त्र भी पड़े हुए थे। यह देख लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताते हुए घटना की सूचना देवगांव कोतवाली को दी। बताते हैं कि घटना के तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देख ग्रामीण भड़क गए। आक्रोशित ग्रामीण पुलिस के आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। रात करीब आठ बजे पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का पर्दाफाश करने के लिए ग्रामीणों से कुछ समय मांगा। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। उधर इस घटना से आक्रोशित आशा कार्यकत्रियों ने रविवार को आयोजित पल्स पोलियो दिवस कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए घटना कि शीघ्र पर्दाफाश किए जाने की मांग की है।

रिपोर्ट: अंजनी राय

और नया पुराने