चंदौली।
गंगा नदी में पलटी नाव में सवार लापता लोगों का दूसरे दिन भी अता-पता नहीं, एनडीआरएफ व बचाव टीम मौके पर मौजूद....कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर किया मौका मुआयना.... दिया आश्वासन।
जनपद चंदौली के धीना थाना क्षेत्र के महुंजी गांव के मजदूरों से भरी नाव गंगा नदी के तेज बहाव में बीच नदी में शनिवार की देर शाम करीब 6 बजे पलट गई। जिसके कारण नाव में सवार 50 लोगों में से 5 लोगों की मृत्यु हो गई एवं 45 लोगों को बचा लिया गया है। हादसे की सूचना पर जनपद के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल व पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने मौका मुआयना कर मातहतों को आवश्यक निर्देश देते हुए मृतक जनों के परिवार को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के जवान मौके पर मौजूद हैं एवं लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंची एनडीआरफ व एसडीआरएफ की टीम लापता मृतक घोषित 5 लोगों की तलाश में जुटी हुई है, जिसमें अभी तक केवल एक मृतक लड़की ज्योति(13) पुत्री लाल साहब बिंद निवासी ग्राम कुसुमी, बरहनी चंदौली को ही खोज निकलने में कामयाबी मिली है। जिसका शव पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है, अन्य लापता की तलाश जारी है।
वहीं रविवार को कांग्रेस पार्टी की जिला इकाई के सदस्यों ने महुंजी गांव पहुंचकर लापता लोगों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया। कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा ने बताया कि डीएम द्वारा घोषित मुआवजे की राशि अभी तक पीड़ित परिवार को नहीं मिल पाई है। पार्टी की पांच सदस्यीय टीम ने मोबाइल से जिलाधिकारी से वार्तालाप कर 25-25 लाख रुपए की मुआवजे देने की मांग की है। इस दौरान कांग्रेस पार्टी की पांच सदस्यीय टीम में मधु राय, पप्पू राय, इमरान खान, अरविंद पांडेय व प्रदीप मिश्रा शामिल थे।
आपको बता दें कि रविवार को शाम 4 बजे तक मात्र एक लापता की तलाश हो पाई है, वही अन्य की तलाश जारी। हादसे की विभीषिका को देखते हुए विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंच रहें हैं। मजदूरों का यह जत्था गाजीपुर जिले के करण्डा थाना क्षेत्र के मलपुरवां एवं कटरिया गांव में मजदूरी करने गया था। घर वापसी के दौरान नाव में अधिक संख्या में सवार होने के कारण यह हादसा घटा। अभी तक लापता लोगों में फुलवासी देवी(60) पत्नी स्व. दूधनाथ निवासी मुरलीपुर बरहनी, कविता(15) पुत्री सजनु बिंद निवासी मुरली पुर, ज्योति(9) पुत्री वीरेंद्र बिंद मुरलीपुर एवं उर्मिला (40) पत्नी वीर बहादुर प्रजापति निवासी महुंजी चंदौली शामिल हैं।